
नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा सामने आया, जहां एक हुंडई एक्सेंट कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार युवक का एक पैर पूरी तरह से शरीर से अलग हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उमर के पास हुए इस हादसे में सरवानिया मसानी निवासी रामनारायण पिता रामपाल धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग सहम गए, लेकिन इसी बीच पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए इंसानियत की मिसाल पेश की।
दरअसल, किसी अन्य इवेंट के लिए जा रही डायल 112 में सवार रतनगढ़ थाने के आरक्षक मनीष पाटीदार ने जैसे ही हादसा देखा, उन्होंने बिना देर किए चालक देवेंद्र सोलंकी के साथ मिलकर घायल युवक को तुरंत वाहन में डाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतनगढ़ पहुंचाया।
यहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रांकुर यादव ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के चलते युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। इस दौरान पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर डटे रहे और एंबुलेंस रवाना होने तक हर जरूरी मदद सुनिश्चित की।
इस दर्दनाक हादसे ने जहां एक ओर सडक़ सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं पुलिस के इस मानवीय चेहरे ने यह भी साबित कर दिया कि वर्दी के पीछे संवेदनशील दिल भी धडक़ता है।
