
उज्जैन। बाबा महाकाल और भगवान ओंकारेश्वर का प्रसाद भी भक्तों तक डाक के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है . यह वाकई में अद्भुत कार्य है और महाराज सिंधिया ने जो यह पुण्य कार्य कराया है यह अद्भुत है. पूर्व में भी इस मंत्रालय की जिम्मेदारी जब सिंधिया के पास थी तो अनेक उपलब्धियां दर्ज कराई और एक बार फिर यह रूपांतरण किया जा रहा है.
यह बात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन कार्तिक मेला मैदान पर ग्रामीण डाक नायकों के सम्मान में कही. कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की. कार्यक्रम में महत्वपूर्ण रूप से भारतीय डाक विभाग के माध्यम से उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर तथा श्री ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग मंदिर की प्रसादी आमजन तक पहुंचाने के लिए पोस्टल सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के द्वारा किया गया. कार्यक्रम में मध्यपद्रेश के उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण डाक नायकों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय महिला बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेश नाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, संजय अग्रवाल, राजेंन्द्र भारती आदि उपस्थित थे।
लिफाफा ही नहीं बैंकिंग और बीमा भी
इस अवसर पर सीएम ने कहा हमारे डाक सेवक अब केवल लिफाफे नहीं पहुंचा रहे, बैंकिंग और बीमा जैसी अन्य सेवाएं भी दे रहें हैं. साथ ही हमारे राज्य में 16800 से ज्यादा ऊर्जावान डाक सेवक काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश में 9256 डाकघर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं.
रेगिस्तान हो या पहाड़ सब जगह डाक सेवक
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने सिंधिया ने कहा कि देश में ग्रामीण डाक सेवक एक सैनिक की भांति कार्य कर रहे हैं. रेगिस्तान हो या पहाड़ों की चोटियां या मैदानी क्षेत्र हर एक स्थान पर ग्रामीण डाक सेवक निर्भिक रूप से पहुंचकर आम जन की सेवा कर रहे है. सर्दी, गर्मी, बरसात की परवाह किए बगैर डाक सेवक अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहा है. ग्रामीण डाक सेवक का मान सम्मान शासन का संकल्प है. डाक सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में 30 करोड़ पोस्ट ऑफिस बचत खातों को खुलवाने तथा उनमें लगभग 22 लाख करोड़ की रुपए की राशि जमा कराने में ग्रामीण डाक सेवक की महत्वपूर्ण भूमिका है. देश में 2 करोड़ पासपोर्ट बनवाने में तथा 15 करोड़ से अधिक आधार कार्ड वितरण में भी हमारे डाक सेवकों ने महत्वूर्ण भूमिका निभाई है. अब केंद्रीय विद्यालयों में ग्रामीण डाक सेवकों के बच्चों को भी प्रवेश मिलेगा. डाकघरों को मुनाफे का केंद्र बनाया जाएगा. डाक विभाग में डिजिटल सिस्टम, ट्रैकिंग सिस्टम अपनाए जाएंगे. दुर्गम क्षेत्रों के लिए इलेक्टि्रक वाहनों की भी सेवाएं ली जाएगी . विभाग अब ड्रोन का भी उपयोग करेंगा.
