सतना :पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाली तीखी झड़प ने आखिरकार अपराध का रुप ले लिया. किच-किच से परेशान वृद्ध ने अपनी पत्नी को थप्पड़ मारने के बाद गला घोंट कर जान ले ली. घटना की जानकारी होने पर बेटे ने पुलिस को सूचना दे दी. जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी वृद्ध को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीली घाट थाना नागौद के निवासी 42 वर्षीय दीपक बिरहा ने थाने पहुंचकर इस बात की शिकायत की कि घर में उसकी मां माया देवी उम्र 65 वर्ष निढाल पड़ी हुई है. जिनके गले और ठुड्डी पर रगड़ के निशान नजर आ रहे हैं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंच गई. पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी. लिहाजा पुलिस ने महिला के शव को अस्पताल भेजते हुए पोस्टमार्टम कराया. बयान लिए जाने पर मृतका के बेटों ने बताया कि उनके पिता मंगला प्रसाद बिरहा उम्र 68 वर्ष आए दिन अपनी पत्नी माया देवी के साथ लड़ाई-झगड़ा और मारपीट करते थे.
जिसे देखते हुए पिता को समझा बुझाकर किसी तरह शांत करा दिया जाता था. लेकिन कुछ दिनों तक शांत रहने के बाद फिर से गाली-गलौच और लड़ाई-झगड़ा शुरु हो जाता था. पिता होने के नाते मामले की शिकायत पुलिस में नहीं की जाती थी. बेटों के बयान के आधार पर पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर वृद्ध मंगला की खोजबीन की गई. जिसे कुछ देर बाद ही बस स्टैण्ड नागौद से गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरने के बाद गला घोंटा
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में वृद्ध मंगला प्रसाद ने सोमवार की सुबह लगभग 6 बजे माया उसके साथ काफी किच किच कर रही थी. जिसके चलते गुस्से में आकर उसने माया को एक थप्पड़ मार दिया. थप्पड़ लगते ही माया जमीन पर गिर गई. लेकिन इसके बाद भी मंगला का गुस्सा कम नहीं हुआ और उसने माया के गले को अपने दोनों हाथों से दबा दिया. जिसके चलते माया की मौत हो गई
