सतना।जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत के बीच कुएं में सतना के हनुमान नगर निवासी वृद्ध का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस की पूछताछ में मृतक द्वारा महिला और उसकी बेटी पर गलत निगाह रखना हत्या का कारण बताया गया.
जैतवारा क्षेत्र के ग्राम बउलिहा बीरान कोठरा पासी रोड पर खेत में स्थित कुएं में 3 दिन पहले एक वृद्ध का शव पाया गया था. शव के पेट पर गमछे से दो भारी पत्थर बांधे गए थे. पुलिस द्वारा शुरु की गई विवेचना में मृतक की पहचान रामकिशोर पटेल उम्र 65 वर्ष निवासी हनुमान नगर नई बस्ती के तौर पर हुई. मामला हत्या का साफ नजर आने के कारण पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए पड़ताल शुरु की. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली कि मृतक रामकिशोर को अंतिम बार बिट्टी प्रजापति के साथ देखा गया था. मूल रुप से सभापुर क्षेत्र के पगार खुर्द की निवासी बिट्टी शहर के हनुमान नगर नई बस्ती क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है. इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर जब पुलिस ने बिट्टी से पूछताछ शुरु की तो उसने साफ इंकार कर दिया. लिहाजा जब पुलिस ने सख्ती बरती तो उसने रामकिशोर की हत्या करना स्वीकार कर लिया. पुलिस द्वारा इस मामले का खुलासा करने के लिए एक ओर जहां 100 से अधिक सर्विलांस कैमरों की पड़ताल की, वहीं दूसरी ओर मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया. पुलिस टीम को मिली इस सफलता को देखते हुए पुलिस कप्तान आयाुतोष गुप्ता नेे 10 हजार रु के पुरस्कार की घोषणा की है.
बिट्टी ने पुलिस को बताया कि पहले वह रामकिशोर के मकान में किराए से रहती थी. जहां पर उसे एहसास हुआ कि रामकिशोर उस पर और उसकी बेटी पर गलत निगाह रखता है. रामकिशोर के अक्सर उसके घर चले आने के कारण वह मानसिक रुप से काफी परेशान हो चुकी थी. जिसके चलते बिट्टी ने अपनी परेशानी ब्रम्हजीत चौधरी 25 वर्ष और सत्यनारायण कुशवाहा 28 वर्ष को बताई. नतीजतन तीनों ने मिलकर रामकिशोर की हत्या करने की ठन ली.
