ग्वालियर: होली मिलन समारोह के दौरान होटल में पहुंचे युवकों ने हंगामा किया और आपस में भिड़ गए। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के शिवपुरी लिंक रोड स्थित होटल नीलश्री की है। होटल में मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि होटल में बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद भीड़ को वहां से हटाया गया। पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिवपुरी लिंक रोड स्थित नीलश्री रिसॉर्ट में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों लोग एकत्र हुए थे। समारोह के दौरान कुछ नशे में धुत हुड़दंगियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। जब कार्यक्रम में शामिल लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने आधे घंटे तक मशक्कत कर हालात काबू में किए। देर रात इस रिसोर्ट को खाली करा लिया गया है।
