सिंगरौली:एनसीएल के जयंत एवं दुधीचुआ परियोजना के विस्तार को लेकर चल रहे भू-अर्जन की प्रक्रिया में बीते दिन एनसीएल द्वारा जारी बुकलेट में शासकीय भूमि पर बसे लोगों को उपेक्षित करने पर एनसीएल की भेदभाव नीति के विरोध में आज दिन बुधवार को आधा सैकड़ा महिलाओं ने एनसीएल मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
यह सभी महिलाएं अध्यक्ष प्रबंधक निदेशक बी साईंराम से मिलने पर अड़ी रही।
परंतु सीएमडी के जिले से बाहर होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने एनसीएल प्रबंधन के राजस्व अधिकारियों के साथ वार्ता कर अपना ज्ञापन सौंपा। एनसीएल अधिकारियों ने आस्वस्त किया कि एनसीएल द्वारा जारी बुकलेट अभी फाइनल नही है। बुकलेट में संशोधन करते हुए सभी वर्गो की बात को ध्यान में रखा जाएगा। महिलाओं द्वारा एनसीएल सीएमडी के नाम सौंपे गये ज्ञापन में बताया गया है कि शासकीय भूमि-वन भूमि एग्रीमेंट की भूमि पर घर बनाकर निवासरत परियोजना प्रभावित परिवारो को भी उचित प्रतिकर विस्थापन पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन लाभ दिलाए जाने व प्रमाणित बुकलेट के माध्य से इसकी जानकारी साझा किए जाने की मांग की गई है
