सतना: नगर निगम सतना में पहली बार किसी महिला पार्षद को परिषद अध्यक्ष (स्पीकर) की कुर्सी संभालने का अवसर मिला। नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत आयोजित विशेष परिषद सम्मेलन में निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी पालन ने वार्ड क्रमांक 24 की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य प्रीति कुशवाहा को एक दिन के लिए परिषद अध्यक्ष बनाया।इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महापौर सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने इस निर्णय का स्वागत किया। विशेष सम्मेलन की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद परिषद में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के समर्थन में प्रस्ताव रखा गया।
सम्मेलन के दौरान कई महिला पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी उठाईं। वार्ड 31 की पार्षद रजनी तिवारी ने आरोप लगाया कि महिला पार्षदों के क्षेत्रों में विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड क्रमांक 5 में पिछले आठ महीनों से सीवर खुदा पड़ा है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ।
पार्षदों ने उठाए सवाल
वार्ड 25 की पार्षद नम्रता सिंह ने महिला आरक्षण विधेयक पर विस्तार से जानकारी दी और इसके इतिहास व विशेषताओं पर प्रकाश डाला। वहीं, पार्षद अमित कुमार अवस्थी ने नगर निगम के मस्टर कर्मियों को पिछले दो-तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। वार्ड 38 की पार्षद प्रवीण सिंह ने कहा कि महिलाओं के नाम पर विशेष सम्मेलन तो आयोजित किया गया, लेकिन उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।
