डॉ. राजा रमन्ना की प्रतिमा कैट द्वारा होगी स्थापित
इंदौर: नगर निगम राजेंद्र नगर क्षेत्र में विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य निरंतर कर रहा हैं. इसी क्रम में आज कैट चौराहे के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य का भूमि पूजन किया गया. इस मौके पर कैट चौराहे का नाम विज्ञानिक डॉ. राजा रमन्ना के नाम से करने का निर्णय लिया गया.नगर निगम कैट के सहयोग से चौराहे पर रोटरी का निर्माण कर सौंदर्यीकरण करेगा. रोटरी के बीच में महान परमाणु वैज्ञानिक डॉ. राजा रमन्ना की प्रतिमा कैट द्वारा स्थापित की जाएगी. इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी ने कहा, इंदौर हमेशा से प्रबुद्धजनों और प्रेरणा देने वाले व्यक्तित्वों का शहर रहा है. डॉ. राजा रमन्ना जैसे महान वैज्ञानिक की प्रतिमा यहां के युवाओं को प्रेरित करेगी और देश की प्रगति में कार्य करने का संदेश देगी.
निश्चित सीमा में पूरा होगा
महापौर प्रतिनिधि भारत पारेख ने कहा कि चौराहे का सौंदर्यीकरण कार्य निश्चित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाएगा. उन्होंने नगर निगम की ओर से विकास कार्यों में पूरा सहयोग देने का वादा किया. कैट के निदेशक उनमेश मालशे और अन्य वैज्ञानिकों ने इस पहल की सराहना की और नगर निगम के प्रति अपना आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में विधायक मधु वर्मा, पार्षद प्रशांत बडवे, कैट के पूर्व निदेशक शंकर वी. नाखे, अपर निदेशक तुषार पुणतांबेकर, वार्ड 79 की पार्षद लक्ष्मी संजय वर्मा, वार्ड संयोजक मनोहर व्यास, और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
