शहर में फिर हिंसक जानवर की आहट से दहशत

सीहोर। एक माह के अंतराल के बाद एक बार फिर शहर के नजदीक हिंसक वन्यप्राणी की आहट सुनाई दी है. बीती रात भोपाल- इंदौर हाईवे स्थित सत्यसाईं कॉलेज के पीछे खेत में बंधी गौवंश का हिंसक जानवर ने शिकार कर लिया. सुबह जब किसान खेत पर पहुंचा तो वहां गौवंश का क्षत विक्षत शव मिला. सूचना मिलने पर वन विभागअमला पहुंचा और सर्चिंग अभियान शुरू किया गया है.

गौरतलब है कि गत दिनों शहरी क्षेत्र में बाघ और तेंदुआ नजर आने की खबरें सरगर्म बनी थीं. वन विभाग को सर्चिंग के दौरान बाघ व तेंदुआ के पगमार्क तो मिल रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था. उस वक्त अनेक ट्रेप कैमरे भी संभावित स्थानों पर लगाए गए थे तो दो ड्रोन से भी हिंसक जानवरों की तलाश जारी थी. इसके अलावा काला पहाड़ व धबोटी में भी बाघ व तेंदुए का मूवमेंट देखा गया था. बीते कुछ दिनों से इनकी गतिविधियां शांत थीं, लेकिन बीती रात शहर से महज तीन किलोमीटर दूर सत्यसाईं कॉलेज के पीछे हिंसक जानवर ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी. मनीष यादव के खेत पर गौवंश बंधा हुआ था. गुरुवार की सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो वहां उसका क्षत- विक्षत शव नजर आया. उन्होंने जानकारी वन विभाग को दी. मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने फुट मार्क तलाशे तो वह खेत में कई जगह नजर आए. वनकर्मियों की मानें तो उक्त पगमार्क तेंदुए या उसके शावक के हो सकते हैं. वन विभाग सर्चिंग में जुट गया है.

 

Next Post

रादुविवि में प्रशासनिक कसावट की तैयारी, कुलगुरु ने अचानक पहुंचकर परखी विभागों की कार्यप्रणाली

Fri Oct 30 , 2026
जबलपुर । रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में प्रशासनिक कामकाज को व्यवस्थित करने और विभागीय कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बुधवार एवं गुरुवार को प्रशासनिक भवन का औचक निरीक्षण किया। वे परीक्षा, गोपनीय, अकादमिक, स्थापना और वित्त विभाग सहित विभिन्न शाखाओं में पहुंचे और […]

You May Like