देवसर : क्षेत्र में निराश्रित एवं आवारा गौवंश के संरक्षण और संवर्धन को लेकर देवसर में गौवंश वन्य विहार एवं गौ-अभ्यारण्य स्थापित करने की मांग उठाई गई है।
इस संबंध में युवा वर्ग एवं क्षेत्रवासियों ने म.प्र. के मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी देवसर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि देवसर क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित एवं आवारा गौवंश विचरण करता है। गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं सुरक्षित आश्रय की दृष्टि से देवसर में एक सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त गौवंश वन्य विहार/गौ-अभ्यारण्य स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
इधर ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि देवसर में उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर गौवंश वन्य विहार विकसित किया जाए। इसमें निराश्रित गौवंश के लिए सुरक्षित आश्रय, चारा-पानी, पशु चिकित्सा एवं उपचार केंद्र सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार का गौवंश वन्य विहार स्थापित होने से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आश्रय मिलेगा। साथ ही सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा पशुओं की समस्या को कम करने में भी सहायता मिलेगी। इस दौरान युवा समाजसेवी सत्यम पाठक, आशीष द्विवेदी, रितेश द्विवेदी, विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष राजेश नामदेव, दिव्यांशु द्विवेदी समेत अन्य मौजूद रहे।
