रायपुर, 09 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में करीब तीन दिन की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जतायी है। उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गयी है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक जून से आठ जुलाई तक औसतन 239.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है, जबकि इस अवधि की सामान्य वर्षा 286.7 मिलीमीटर है। इस प्रकार राज्य में अब तक 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सर्वाधिक 450.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, मुंगेली, सक्ती, महासमुंद, रायपुर और जांजगीर-चांपा में भी सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। वहीं, सरगुजा में सबसे कम 144.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। कांकेर में सामान्य से 48 प्रतिशत, जशपुर में 43 प्रतिशत, कोरिया में 36 प्रतिशत और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 32 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जतायी है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

