सतना : मैहर जिले के मुकुंदपुर क्षेत्र में स्थित गांव में उस वक्त दर्दनाक घटना सामने आई जब 11 वर्षीय बालक अपने ही घर में फंदे पर लटकता पाया गया. बताया गया कि मां की डांट से क्षुब्ध होकर बालक ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के मुकुंदपुर क्षेत्र में कोतर गांव में मंगलवार को उस वक्त सनाका खिंच गया जब एक बालक की मौत की जानकारी सामने आई.
गांव के निवासी चूड़ामणि द्विवेदी का 11 वर्षीय बालक ऋतुराज द्विवेदी घर में बंद कमरे में फंदे पर लटका पाया गया. यह दृश्य देख परिजनों के बीच कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि किसी बात को लेकर ऋतुराज को उसकी मां द्वारा डांट दिया गया था.
बताया गया कि मां की डांट से क्षुब्ध हुए ऋतुराज ने स्वयं को कमरे में बंद कर लिया. वहीं कुछ देर बाद ही फंदे पर लटकते हुए उसने अपनी जान दे दी. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. लेकिन विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्टं मिलने पर ही पुष्टि हो सकेगी. वहीं परिजन सहित अन्य लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के पीछे के कारण जानने का प्रयास किया जा रहा है.
