
देवास। कार की डिक्की में देशी रिवाल्वर और छह राउंड छिपाकर ले जा रहे एक युवक को कांटाफोड़ पुलिस ने दबोच लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार सहित करीब 3.06 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कांटाफोड़ पुलिस को 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 09 सीसी 0724 से अवैध हथियार लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और कांटाफोड़-बिजवाड़ रोड पर ग्राम बिजवाड़ में खेत के सामने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
डिक्की खुली तो मिला हथियार-
पुलिस ने कार की डिक्की की जांच की तो उसमें हाथ से बना देशी रिवाल्वर और छह राउंड मिले। इसके बाद पुलिस ने मंगल पिता राजकुमार सिंह पटवा (34), निवासी ग्राम नेमावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कांटाफोड़ में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल कन्नौद भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कांटाफोड़ निरीक्षक कैलाशचंद्र चौहान, उप निरीक्षक विनयसिंह बघेल, प्रधान आरक्षक शिवकुमार, रामवीर, अशोक शर्मा, यतीश तिवारी, आरक्षक अवधेश, रोहित, जयदेव एवं सैनिक अर्जुन की सराहनीय भूमिका रही।
