चाकू की नोक पर 9 टन आटे से भरा कंटेनर लूटा

देवास। आटा कंपनी से 9 टन माल लेकर निकल रहे कंटेनर को चाकू की नोक पर लूटकर आरोपी इंदौर की ओर भाग निकले, लेकिन कंटेनर में लगा जीपीएस उनकी पूरी योजना पर भारी पड़ गया। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने देवास से इंदौर तक पीछा शुरू किया और रास्ते में नाकाबंदी की। पुलिस को पीछे आता देख आरोपियों ने कंटेनर को सर्विस रोड पर उतार दिया, जहां वह अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराया। पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने डकैती किया गया कंटेनर और उसमें भरा 9 टन आटा सहित करीब 50 लाख रुपए का पूरा माल बरामद कर लिया।

5 सितंबर को फरियादी संतोष मालवीय ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह इंदौर स्थित शिवानी ट्रांसपोर्ट के कंटेनर क्रमांक एमपी 09 एजेड 1441का चालक है। इंदौर से खाली कंटेनर लेकर देवास स्थित अवंतिका फूड्स कंपनी राजीव नगर भट्टा में माल भरने आया था। कंपनी द्वारा कंटेनर में 310 कट्टे, कुल 9 टन आटा भरने के बाद जब फरियादी वाहन लेकर निकलने की तैयारी कर रहा था, तभी ड्राइवर साइड से एक व्यक्ति आया और फरियादी की कमर पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी देते हुए कॉलर पकड़कर उसे नीचे फेंक दिया। नीचे गिरने से फरियादी के दोनों घुटनों एवं हाथों में चोट आई। इसी दौरान 4 अन्य व्यक्ति कंडक्टर साइड से कंटेनर में चढ़ गए तथा कंटेनर को उसमें भरे आटे सहित लेकर फरार हो गए।

चाकू दिखाने वाला आरोपी मौके पर ही रह गया, जिसे फरियादी एवं कंपनी के गार्डों की सहायता से पकड़ लिया गया। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। आरोपियों ने कंपनी के गार्ड को भी धमकाया तथा कंटेनर लेकर भागते समय कंपनी का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद फरियादी से संपर्क करने पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि डकैती किए गए कंटेनर में जीपीएस डिवाइस लगा हुआ है तथा उसकी लोकेशन इंदौर की ओर जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने जीपीएस लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र के आधार पर कंटेनर का पीछा प्रारंभ किया। साथ ही कंट्रोल रूम इंदौर, थाना तेजाजी नगर एवं थाना राऊ को सूचना देकर नाकाबंदी के लिए अवगत कराया। देवास एवं इंदौर पुलिस की समन्वित कार्रवाई एवं लगातार पीछा किए जाने के चलते सेज यूनिवर्सिटी के पास पुलिस की नाकाबंदी देखकर आरोपी ने कंटेनर को मेन रोड से नीचे सर्विस रोड पर उतार दिया, जहां कंटेनर अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कंटेनर में बैठे आरोपी सूरज पिता रामचंद्र बैरागी उम्र 19 वर्ष निवासी राजीव नगर भट्टा, देवास को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी सूरज ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर 5 सितंबर की रात्रि करीब 8:30 बजे अवंतिका फूड्स कंपनी से कंटेनर की डकैती करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी सूरज के कब्जे से मौके पर ही कंटेनर एवं उसमें भरा 9 टन आर्शीवाद कंपनी का आटा बरामद कर लिया गया। इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिस पर प्रकरण में धारा 25 आयुध अधिनियम का इजाफा किया गया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मंगलवार को एसपी पुनीत गेहलोद ने प्रेसवार्ता में दी।

गिरफ्तार आरोपी के नाम-

सुनील चौहान उम्र 35 वर्ष, शुभम राजौरिया उम्र 19 वर्ष, आकाश बैरागी उम्र 20 वर्ष, भावेश पटेल उम्र 18 वर्ष, सूरज बैरागी उम्र 19 वर्ष निवासी राजीव नगर भट्टा देवास।

Next Post

प्रसव पीड़ा होने पर गर्भवती को खाटिया के सहारे पहुंचाया अस्पताल

Tue Sep 8 , 2026
छिंदवाड़ा। जिले के आदिवासी अंचलों में बारिश के दौरान बदहाल सड़क और पुल-पुलियों की कमी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन रही है। मंगलवार को जुन्नारदेव क्षेत्र के कुकरपानी गांव में एक बार फिर प्रसव पीड़ा से कराहती गर्भवती को ग्रामीणों ने खटिया के सहारे अस्पताल पहुंचाया। नदी में बाढ़ और […]

You May Like