इंदौर:सराफा व्यापारी ने 51 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी ज्वेलर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. आरोपी खुद को प्रभावशाली बताकर भाजपा नेताओं के नाम का हवाला देकर धमकाता था.सराफा पुलिस के अनुसार फरियादी विशाल गुप्ता निवासी स्कीम नंबर 78 ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी अभिषेक जैन निवासी बड़ा सराफा, जो जेम्स एंड ज्वेलर्स के नाम से कारोबार करता है, ने सोने-चांदी के निवेश के नाम पर बड़ी ठगी की है.
विशाल ने बताया कि वर्ष 2022 से उनकी अभिषेक से पहचान थी. जनवरी 2025 में उसने 3 सोने के बिस्कुट और 25 किलो चांदी खरीदने का सौदा किया, जिसकी कुल राशि 51 लाख रुपए से अधिक थी. विशाल ने अभिषेक के येस बैंक और बाद में एसबीआई अकाउंट में यह रकम ट्रांसफर की, लेकिन तय समय पर न तो माल मिला और न ही संतोषजनक जवाब.
जब विशाल ने पैसे वापस मांगे, तो अभिषेक टालमटोल करता रहा और भाजपा नेताओं के नाम लेकर केस में फंसाने की धमकी देने लगा. बाद में फरियादी ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से शिकायत की, जिनके निर्देश पर सराफा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकाने की धाराओं में केस दर्ज किया. थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक आरोपी की जांच की जा रही है और अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
