मुरैना: चैत्र नवरात्रि पर मुरैना जिले के मंदिरों में भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है। जिले के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। भव्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है।मुरैना के एमएस रोड स्थित ज्ञानेश्वरी माता मंदिर और बड़ोखर काली माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भक्तों का तांता लगा है। ज्ञानेश्वरी मंदिर में आमतौर पर हर गुरुवार को मेला लगता है, लेकिन नवरात्रि के अवसर पर यहां पूरे 9 दिन तक भक्ति और श्रद्धा का संगम देखने को मिलेगा।
संतान प्राप्ति की आस्था से जुड़े बड़ोखर काली माता मंदिर पर भी मेला लगा है। इस मंदिर की मान्यता है कि यहां वे महिलाएं विशेष रूप से दर्शन करने आती हैं जो संतान सुख की कामना करती हैं। मान्यता के अनुसार, जिन महिलाओं की मन्नत पूरी होती है, वे माता को झूला चढ़ाकर अपनी श्रद्धा प्रकट करती हैं। शहर से 20 किलोमीटर दूर स्थित माता बसैया मंदिर में जिले का सबसे बड़ा मेला लगा है। इस ऐतिहासिक मंदिर की अत्यधिक मान्यता है, और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।
