
जबलपुर। गढ़ा थाना अन्तर्गत रामनगर काली मंदिर के सामने एक सिरफिरे बदमाश ने पुरानी रंजिश और मुखबिरी के शक में एक युवक पर सरेराह फायर किए थे। इस जानलेवा हमले में युवक बाल-बाल बच गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस उसे मौका ए वारदात पर ले गई जहां उसने दहशतगर्दी फैलाने फायरिंग की थी इस दौरान पुलिस ने आरोपी की हेकड़ी निकलते हुए उसका यहां से जुलूस निकाला इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि सूपाताल रामायण मंदिर के पीछे निवासी 29 वर्षीय अंकित लखेरा पार्सल डिलीवरी का काम करता है। लाल बिल्डिंग के पास रहने वाले करन विश्वकर्मा का सूपाताल निवासी अंबर नामक युवक से उसका पुराना विवाद चल रहा है। करन विश्वकर्मा को यह गहरा शक था कि अंकित, उसका दोस्त हर्ष अहिरवार और आर्यन मिलकर उसकी पल-पल की लोकेशन अंबर को दे रहे हैं मुखबिरी कर रहे हैं। इसी शंका के चलते करन, अंकित से बुरी तरह रंजिश रखने लगा था। अंकित लखेरा अपने दोस्त हर्ष अहिरवार और आर्यन अहिरवार निवासी रामनगर के साथ रामनगर काली मंदिर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गढ़ा बाजार वाली रोड की तरफ से आरोपी करन विश्वकर्मा काले रंग की एक्सिस स्कूटी पर अपनी महिला मित्र सोनाली बर्मन के साथ वहां धमका। मौके पर पहुंचते ही सोनाली स्कूटी पकड़कर खड़ी हो गई, जबकि करन विश्वकर्मा ने आव देखा न ताव, तुरंत अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली। आरोपी ने अंकित को जान से मारने की नियत से उस पर सीधे दो बार फायर कर दिए। भागते समय अंकित का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे एक दीवार से जा टकराया, जिससे उसके सिर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा था आरोपी करन विश्वकर्मा अपनी महिला मित्र सोनाली के साथ स्कूटी पर बैठकर देवताल चौराहा की तरफ रफूचक्कर हो गया था। पुलिस ने आरोपी करन विश्वकर्मा और सोनाली बर्मन के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी के हाथ पर बड़े अक्षरों में किंग एके 47 लिखा हुआ है जो क्षेत्र में आपराधिक और दबंग छवि बनाने की कोशिश कर रहा था। जिसकी पुलिस ने हेकड़ी निकलते हुए उसका जुलूस निकाला।
