बालाघाट: कटंगी थाना क्षेत्र के जरामोहगांव में बुधवार को एक पिता और उसके दो बच्चों के शव कुएं में मिले। दोनों बच्चों के शव पिता के शरीर से गमछे में बंधे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।जरामोहगांव निवासी श्याम नागेन्द्र पुत्र भागवत एलआईसी एजेंट था। मृतकों में उसका बेटा वंश (5) और बेटी भूरि (3) भी शामिल हैं। श्याम मंगलवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच अपने दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था।
काफी समय होने के बाद परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में पट मैदान के पास उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर बिना मुंडेर वाले कुएं के पास श्याम की चप्पलें मिलीं। बुधवार को उसी कुएं में तीनों के शव मिले।
घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाट के सहारे श्याम, वंश और भूरि के शव कुएं से बाहर निकाले। बच्चों के शव गमछे से बंधे हुए थे।
जानकारी के मुताबिक श्याम पहले सहारा बैंक में कंप्यूटर ऑपरेटर था। कंपनी के बंद होने के बाद वह एलआईसी एजेंट बन गया था। बच्चों के साथ आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
