
इंदौर. शहर में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर लागू मूल्यांकन प्रणाली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया. मार्च माह के मूल्यांकन में एसीपी मल्हारगंज और थाना चंदन नगर ने पहला स्थान हासिल किया.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में जनवरी से पुलिस थानों और एसीपी कार्यालयों की कार्यप्रणाली का मासिक मूल्यांकन किया जा रहा है. इसमें विभिन्न पैरामीटर्स के आधार पर कार्यों की समीक्षा कर रैंकिंग तय की जाती है. मार्च माह के परिणाम में सभी 12 एसीपी कार्यालयों में एसीपी मल्हारगंज प्रथम रहे, जबकि थानों में चंदन नगर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर ने एसीपी मल्हारगंज विवेक सिंह चौहान, थाना प्रभारी तिलक करोले और चंदन नगर के पुलिस स्टाफ को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, वहीं कमजोर प्रदर्शन वाले थानों व अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर सुधार की दिशा में काम किया जा रहा है. पुलिस कमिश्नर का कहना है कि मूल्यांकन प्रणाली से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को आगे भी इसी तरह प्रोत्साहित किया जाता रहेगा.
