भोपाल:भाजपा के वरिष्ठ नेता और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा पचमढ़ी में मतदाता सूची और वोट चोरी को लेकर दिए गए बयान पूरी तरह से निराधार और भ्रामक हैं।सारंग ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने बार-बार नकारा है, इसलिए अब वह झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाने जैसा है।उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तब-तब वह ईवीएम, वोट लिस्ट या प्रशासन पर आरोप लगाकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश करती है।मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पारदर्शिता, विकास और सुशासन के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार के काम से संतुष्ट है और विपक्ष केवल राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केशवानी, पैनलिस्ट शिवम शुक्ला, एडवोकेट गुंजन चौकसे और सदस्य सत्येन्द्र जैन उपस्थित रहे।सारंग ने कहा कि जनता सब जानती है, जिसने सेवा की है, उसे ही समर्थन मिलेगा। भाजपा विकास की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस आरोपों और अफवाहों की।
