सतना: जिले के सभापुर थाना अंतर्गत बिरसिंहपुर के बधान टोला में स्थित मस्जिद के समीप चौराहे में एक समुदाय के आधा दर्जन से अधिक लाठी डंडे से लेस नकाब पोस युवकों ने दूसरे समुदाय के युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. पूरे घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ नकाबपोश तो कुछ बिना नकाब दिख रहे युवक बेखौफ होकर दूसरे समुदाय के युवक से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
तो वहीं बीच बचाव में आए आसपास के लोगों द्वारा आरोपियों को दौड़ाया जा रहा है। विवाद के दौरान एक बाइक भी जला दी गई।मामले की जानकारी लगने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार हेतु बिरसिंहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार उपरांत घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले की जानकारी लगते ही चित्रकूट एसडीओपी रोहित राठौर एवं सभापुर थाना प्रभारी निरीक्षक शंखधर द्विवेदी एवं धारकुंडी थाना प्रभारी शैलेंद्र पटेल ने घटना स्थल की जांच की।
पुलिस ने पांच नाम दर्ज आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।त्यौहार के दिन दो समुदायों के बीच हुए विवाद के उपरांत नगर में तनाव का महौल होने कारण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह भी सभापुर थाना पहुंचे और आरोपियों की तलाश में कई टीमें रवाना की। शांति कायम रखने हेतु पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता द्वारा जैतवारा थाना प्रभारी अभिषेक पांडेय, कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा सहित पुलिस लाइन से तीन दर्जन से अधिक पुलिस कर्मी भेजा गया।
