मक्सी। सोमवार को आस्था और भक्ति का जनसैलाब देखने को मिला। भादो मास के दूसरे सोमवार पर बाबा मार्कंडेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकाली गई। शाम 4 बजे कचहरी चौक से महाआरती के साथ शुरू हुई सवारी में बारिश के बावजूद हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। जगह-जगह पुष्पवर्षा और भंडारों के जरिए बाबा का स्वागत किया गया।
शाही सवारी में आकर्षक झांकियां, अखाड़े, ढोल-ताशे और बैंड-बाजे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। करीब दो किलोमीटर का सफर तय करने में सात घंटे लगे और रात 11 बजे सवारी प्राचीन शिव मंदिर मठ पहुंची। इस दौरान पूरा मक्सी नगर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
