सीहोर. शासकीय स्कूलों में इस वर्ष कक्षा 9 से कक्षा 12वीं तक की त्रैमासिक परीक्षाएं 28 अगस्त से शुरू हो रही है. इस संबंध में आयुक्त लोक शिक्षण ने समस्त संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी को दिशा निर्देश जारी किए हैं. परीक्षाएं हाई-हायर सेकण्डरी स्कूल की 28 अगस्त से शुरू होंगी. यह परीक्षाएं 9 सितम्बर तक सम्पन्न हो जायेंगी. त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्न पत्र विमर्श पोर्टल पर भेजे जायेंगे. इससे राज्य स्तर पर परीक्षा पेपर की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकेंगी. आयुक्त द्वारा निर्देशों में कहा गया है कि अभिभावकों और शिक्षकों की मीटिंग आयोजित करने के लिये कहा गया है. यह मीटिंग स्कूलों में 16 सितम्बर को होंगी. मीटिंग में बच्चों के अभिभावकों को उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कराया जाएगा. इस व्यवस्था के लिए संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी को अलग-अलग दल गठित कर न्यूनतम 10-10 स्कूलों का निरीक्षण करने के लिये कहा गया है. त्रैमासिक परीक्षा के परिणाम 20 सितम्बर तक पोर्टल पर प्रविष्ट करने के लिये भी कहा गया है.
