
इटारसी। शहर के कुछ युवाओं ने मानवीय संवेदनाओं का अनोखा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए “हेल्पिंग हैंड” नामक सामाजिक पहल की शुरुआत की है। इस समूह का उद्देश्य शहर में भिक्षावृत्ति करने वाले, बेसहारा और बुजुर्ग लोगों का पुनर्वास एवं इलाज कराना है।
युवाओं की इस मुहिम से यशवर्धन चौबे, अरुण सिंह चौहान, हिमांशु अग्रवाल, नितेश तिवारी और पीयूष नामदेव जुड़े हुए हैं। हाल ही में उन्होंने न्यास कॉलोनी के बुजुर्ग छोटेलाल, जो बीमार हालत में असहाय जीवन व्यतीत कर रहे थे, को सहारा दिया। युवाओं ने उनका दाढ़ी-मुंडन और स्नान कराने के साथ नए कपड़े पहनाए और इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया।
युवाओं का कहना है कि छोटेलाल दादा को वृद्धाश्रम या किसी उपयुक्त स्थान पर व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि उनका जीवन सम्मानपूर्वक बीते। इस पहल की सराहना सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने छोटेलाल के लिए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
यह प्रयास न केवल मानवता की मिसाल है बल्कि समाज में प्रेरणा का स्रोत भी साबित होगा।
