
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) भोपाल इकाई में मंगलवार को “सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को शामिल करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” थीम के साथ 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 4 मार्च से 17 मार्च तक मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य करने की अपील करते हुए सभी को सुरक्षा शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सभी महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बीएचईएल के निदेशक (मानव संसाधन) तथा बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक द्वारा जारी सुरक्षा संदेश भी प्रसारित किए गए। पहल के तहत सभी विनिर्माण ब्लॉकों में विभागाध्यक्षों ने शॉप फ्लोर पर कर्मचारियों और अधिकारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में उपाध्याय ने आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति सजग रहने और मुख्य मार्गों को आपातकालीन वाहनों के लिए खाली रखने पर बल दिया। उन्होंने कार्य प्रारंभ करने से पहले सुरक्षा तैयारी वार्ता अनिवार्य रूप से करने तथा ऊंचाई पर कार्य और सामग्री प्रबंधन जैसे जोखिमपूर्ण कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पखवाड़े के दौरान कारखाने में सुरक्षा वार्ता, निरीक्षण, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सुरक्षा वॉक, अग्निशमन प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल जैसी विभिन्न गतिविधियां स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण अभियांत्रिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित की जाएंगी।
