
रीवा। रीवा विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल में घुसकर बाहरी लडक़ों द्वारा हॉस्टल में रहने वाले बी फार्मा के छात्र से मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है.
घटना विश्वविद्यालय के चंद्रशेखर मिश्र छात्रावास में शुक्रवार की देर रात हुई है. यहां जूनियर छात्रों से मिलने आए बाहरी छात्रों ने हॉस्टल के ही सीनियर छात्र पर गाड़ी से पेट्रोल चोरी का शक जाहिर करते हुए पहले तो विवाद किया और बाद में अपने अन्य साथियों के साथ हॉस्टल में घुसकर सीनियर छात्र पर हमला कर दिया. हॉस्टल के भीतर हुई मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें बाहर से आए लडक़ों द्वारा हॉस्टल में घुसकर मारपीट की जा रही है. फिलहाल हमले के दौरान एक छात्र के सिर पर गंभीर चोटे आई है जिसने प्राथमिक उपचार के बाद विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. घटना के संबंध में घायल छात्र आदित्य द्विवेदी नई जानकारी देते हुए बताया कि वह बी फार्मा का स्टूडेंट है और विश्वविद्यालय के ही चंद्रशेखर मिश्र बॉयज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है. पीडि़त छात्र के मुताबिक शुक्रवार की रात हॉस्टल में ही रहने वाले कुछ छात्रों के बाहरी दोस्त उनसे मिलने आए हुए थे, जिन्होंने हॉस्टल के बाहर खड़ी गाड़ी से पेट्रोल चोरी को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया. हालांकि मामूली कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया लेकिन घटना के कुछ ही देर बाद वह अपने अन्य साथियों के साथ हॉस्टल आए और कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट करने लगे. पीडि़त छात्र के मुताबिक आरोपियों में शुभम और अजय जयसवाल नमक दो लडक़े थे, जिनके द्वारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है.
