नई दिल्ली, 7 जुलाई (वार्ता) बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले को लेकर विपक्षी दलों ने नौ जुलाई को चक्का जाम का आह्वान किया है जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं।।
विपक्षी दलोें का महागठबंधन बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का लगातार विरोध कर रहा है। उनका कहना है कि इससे बड़ी संख्या में मतदाता मतदान से वंचित हो सकते हैं। महागठबंधन का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी जानबूझ कर चुनाव आयोग के साथ मिलकर ये कदम उठा रही है।
सूत्रों के अनुसार लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी महागठबंधन द्वारा आयोजित चक्का जाम के मौके पर पटना जा सकते हैं। उनका कहना है कि इससे महागठबंधन की मुहिम को मजबूती मिलेगी।
सूत्रों ने बताया कि महागठबंधन के नेताओं ने बिहार के राज्यपाल से मिलने का वक्त माँगा है। वे मतदान सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। हांलाकि राज्यपाल की ओर से मुलाकात का समय अभी तक नहीं दिया गया है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले को लेकर महागठबंधन के नेता चुनाव आयोग से मिलकर अपनी आपत्ति जता चुके हैं। उनका कहना है कि आयोग द्वारा अचानक उठाया गया ये कदम पूरी तरह अनुचित है और उसे इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। आयोग की ओर से कोई आश्वासन नहीं मिलने पर महागठबंधन ने चक्का जाम का आह्वान किया है। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
