
बड़वानी, थाना सिलावद और कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सजवानी धमनई फाटा स्थित एक खेत के कुएं में डुबने से 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सजवानी निवासी जगदीश अपने खेत पर सिंचाई के लिए मोटर पंप चालू करने गया था। तभी उसे कुएं में एक महिला औंधे मुंह तैरती दिखाई दी। जगदीश ने तुरंत इसकी सूचना सरपंच दिलीप रावत को दी। सरपंच और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर खटिया और रस्सी की मदद से शव को बाहर निकाला।
मृतिका की पहचान सिंधी बंजारा फलिया निवासी निरमा खरते (30) पति लुलिया खरते के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार निरमा बुधवार सुबह से घर से निकली हुई थी।
की जा रही है विस्तृत जांच
मामले में थाना बड़वानी के उपनिरीक्षक रवि ठाकुर द्वारा देहाती लेख तैयार किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी बलजीतसिंह बिसेन ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
