सतना: जिला कलेक्टोरेट परिसर के गेट क्रमांक 3 के आसपास ठेलों-गुमटियों की बढ़ती संख्या से अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही थी. इस पर रोक लगाने के लिए एसडीएम रघुराजनगर राहुल सिलाडिय़ा के नेतृत्व में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुधवार को कार्रवाई की. कोतवाली व कोलगवां थाना पुलिस, अतिक्रमण शाखा और नगर निगम दल ने मौके पर सभी अवैध ठेले-गुमटियों को हटाया.जांच के दौरान कुछ गुमटियों में प्लास्टिक बोतलों में पेट्रोल भरा पाया गया, जिसे अवैध रूप से बेचा जा रहा था. एसडीएम ने पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए.
कार्रवाई के दौरान एसडीएम ने अधिवक्ताओं के लिए बने चेंबर्स का निरीक्षण भी किया, जहां अधिवक्ताओं के अतिरिक्त कुछ लोग बिना लाइसेंस के रजिस्टर्ड मोर्गेज का व्यवसाय करते मिले. मौके पर 10 लोगों का चालान कर 8,200 रुपये वसूले गए और हॉल को सील कर दिया गया.एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शासकीय परिसरों में अतिक्रमण, अवैध व्यवसाय या खतरनाक पदार्थों का भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
