
सिंगरौली । ननि आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विके्रताओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 18 स्थित आवासीय परिसर, केंद्रीय कर्मशाला जयंत के समीप विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए। एनयूएलएम के नोडल अधिकारी अक्षत उपाध्याय ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका नियमानुसार परीक्षण कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विके्रताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण, समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि तथा पात्रता अनुसार पीएम स्वनिधि के्रडिट कार्ड की सुविधा प्रदान की जाती है। शिविर में वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद अखिलेश सिंह ने भी क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान नगर निगम की एनयूएलएम शाखा के ऑपरेटर सीएल कुशवाह, कृष्ण शाह, रिसोर्स पर्सन नरेंद्र त्रिपाठी, रीना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
