कीव, 05 अगस्त (वार्ता) यूक्रेन में कीव और आसपास के इलाकों में बीती रात रूस के मिसाइल एवं ड्रोन हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी जबकि 44 लोग घायल हो गये।
यह जानकारी यूक्रेनी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
इस साल यूक्रेन की राजधानी पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक इस हमले में 20 से अधिक बैलिस्टिक और एंटी-शिप मिसाइलों के साथ-साथ 100 से ज़्यादा ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल को रोका नहीं जा सका और तर्क दिया कि अगर और वायु रक्षा प्रणाली होता तो कई लोगों की जान बचायी जा सकती थी।
श्री ज़ेलेंस्की ने कहा, “साझेदारों की ओर से एंटी-बैलिस्टिक प्रणाली की आपूर्ति में देरी के कारण ही ऐसी भयानक तबाही एवं जान-माल का नुकसान हुआ है।” उन्होंने सहयोगियों से और ज़्यादा अमेरिकी-निर्मित पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर उपलब्ध कराने की अपनी मांग दोहरायी।
यह हमला मंगलवार की आधी रात के कुछ ही समय बाद शुरू हुआ और इससे कीव और आस-पास के इलाकों में रिहायशी इमारतों, रेलवे स्टेशन, गोदामों और अन्य अवसंरचना को नुकसान भी पहुंचा।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि हमले के दौरान रूस ने 24 बैलिस्टिक मिसाइलें, चार जहाज-रोधी मिसाइलें और 115 ड्रोन दागे। वायु रक्षा प्रणाली ने 98 ड्रोन को रोक दिया लेकिन किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल के नष्ट होने की जानकारी नहीं है।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि बचाव दलों को आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने कीव और उसके आस-पास के इलाकों में लॉजिस्टिक्स हब, आपूर्ति केंद्रों और हथियारों के भंडारण व ड्रोन बनाने वाली जगहों को निशाना बनाया। रूस ने यह भी दावा किया कि उसने काला सागर के पास ओडेसा बंदरगाह शहर के नजदीक तीन कार्गो जहाजों पर हमले किये, जो उसके मुताबिक सैन्य सामान ले जा रहे थे।
रूस के तुला इलाके के गवर्नर दिमित्री मिल्यायेव ने बताया कि रात में यूक्रेन के एक ड्रोन ने ई-कॉमर्स कंपनी ‘वाइल्डबेरीज़’ के एक वेयरहाउस पर हमला किया, जिससे वहां आग लग गयी। स्थानीय अधिकारियों और कंपनी के अनुसार इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया और वेयरहाउस को खाली करा लिया गया।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब रूस ने हाल के हफ़्तों में यूक्रेनी शहरों पर हमले तेज़ कर दिए हैं और यूक्रेन ने रूसी अवसंरचना जिसमें बिजली संयंत्र और औद्योगिक स्थल शामिल हैं पर ड्रोन हमले बढ़ा दिये हैं।
