
इंदौर:आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने शुक्रवार को मेडिकल विभाग के स्टोरकीपर राकेश गोरखे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में शहर के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में उनकी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति होने के संकेत मिले हैं।
EOW की टीम ने सुबह से वृंदावन गार्डन स्थित तीन मंजिला मकान सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान संघवी रेसिडेंसी, सद्गुरु कॉलोनी, बड़िया कीमा, साकार सिटी, साहिल रेसिडेंसी और ओमेक्स सिटी में भी राकेश गोरखे अथवा उनसे जुड़े लोगों के नाम पर संपत्तियों की जानकारी मिली है। टीम इन संपत्तियों के स्वामित्व, खरीद-फरोख्त और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में संपत्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए हैं। EOW अधिकारी बैंक खातों, चल-अचल संपत्तियों, निवेश और वित्तीय लेन-देन का मिलान कर रहे हैं। साथ ही संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्यांकन भी कराया जाएगा।
प्रारंभिक जांच के अनुसार करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों और निवेश के दस्तावेज सामने आए हैं। EOW यह भी जांच कर रही है कि संपत्तियां किन-किन नामों से खरीदी गईं और उनमें निवेश का स्रोत क्या रहा। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
