
हटा/दमोह।समर्थन मूल्य पर संचालित मूंग खरीदी केंद्रों पर लापरवाही को लेकर गुरुवार को किसानों का सब्र जवाब दे गया। लगातार तीन दिन तक मूंग की तुलाई नहीं होने से नाराज किसान बड़ी संख्या में हटा कृषि उपज मंडी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।किसानों का आरोप है कि मंडी परिसर में संचालित सनकुईया समिति खरीदी केंद्र और पटेरिया खरीदी केंद्र पर उनकी उपज कई दिनों से रखी है। लेकिन न तो समय पर तुलाई हो रही है और न ही पारदर्शी तरीके से ग्रेडिंग की जा रही है। किसानों ने सर्वेयर और समिति प्रबंधन की मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।बढ़ते विरोध को देखते हुए तहसीलदार उमेश तिवारी, क़ृषि विभाग जेएल प्रजापति मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल तुलाई शुरू कराने के निर्देश दिए। तहसीलदार के आश्वासन के बाद ही किसानों ने प्रदर्शन समाप्त किया।किसानों ने मांग की है कि खरीदी केंद्रों पर समय-सीमा में तुलाई और साफ-सुथरी ग्रेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें बार-बार मंडी के चक्कर न लगाने पड़ें।
