ब्यावरा: नगर में अनेक स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं सडक़ो की दुर्दशा जैसी समस्याओं का सामना नागरिकों को करना पड़ रहा है. ऐसी ही समस्या का सामना नगर की प्रथम पॉश कॉलोनी शहीद कॉलोनी के रहवासियों को भी करना पड़ रहा है.गौरतलब है कि नगर में नालियों की सफाई हुए कई जगह पर एक माह से ऊपर हो चुका है. मलबा, कचरा से भरने के कारण नालियों से गंदा पानी सडक़ों पर बहते हुए देखा जा सकता है.
ऐसा ही नजारा इन दिनों नगर की शहीद कॉलोनी में देखा जा सकता है. यहां कैला माता मंदिर के समीप नाली का पानी सडक़ पर बह रहा है, जिसके कारण राहगीरों को आवागमन मेें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.मंदिर के समीप नाली जाम होने से गंदा पानी रोड पर बह रहा है जो कि समूचे मार्ग पर फैल रहा है. इसी के बीच से होकर राहगीर को आना-जाना पड़ रहा है. नवरात्रि पर्व के चलते रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर आ रहे है उनको भी रोड पर गंदा पानी भरा होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
एक पखवाड़े में दूसरी बार खराब हुई ट्यूबवेल
शहीद कॉलोनी में ही क्लब ग्राउण्ड के समीप मौजूद सार्वजनिक ट्यूबवेल विगत एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार खराब होने से पेयजल को लेकर परेशानी बढ़ गई है.
जानकारी के अनुसार शहीद कॉलोनी में विद्युत विभाग के कार्यालय के समीप मौजूद ट्यूबवेल की मोटर में मार्च माह के पहले सप्ताह में खराबी आ गई थी. जिसे दुरस्त किया गया. तत्पश्चात 20 मार्च को फिर ट्यूबवेल की मोटर खराब आ गई. इससे पेयजल संकट बढ़ गया.
उक्त ट्यूबवेल से यहां के रहवासी सहित दूर दराज से भी लोग पानी ले जाते है. आने वाले दिनों में गर्मी के तेज प्रकोप के चलते पानी की अधिक आवश्यकता होगी ऐसे में ट्यूबवेल के बंद होने से परेशानी और बढ़ सकती है.
पॉश कॉलोनी के यह हाल
शहीद कॉलोनी नगर की प्रथम पॉश कॉलोनी में शामिल है. पॉश कॉलोनी में इस तरह अव्यवस्थाओं के हालात देख हर कोई स्तब्ध रह जाता है. जिस मार्ग पर गंदा पानी बह रहा है उस मार्ग से रोजाना जिम्मेदारों का आना-जाना लगा रहता है. जब नगर की मुख्य कॉलोनी के यह हाल है तो फिर अन्य जगहों पर किस तरह की व्यवस्थाएं होगी इसका अंदाजा लग जाता है
