जरीना वहाब को सांवले रंग की वजह से सुनना पड़ा था रिजेक्शन, राज कपूर की बात को गलत साबित कर बनीं दमदार एक्ट्रेस

बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीना वहाब आज अपना 67वां जन्मदिन मना रही हैं। सांवले रंग की वजह से उन्हें शुरुआती दौर में रिजेक्शन झेलना पड़ा और राज कपूर ने भी उनके करियर पर सवाल उठाए थे।

बॉलीवुड एक्ट्रेस शुमार जरीना वहाब आज अपना 67वां जन्मदिन मना रही हैं। 17 जुलाई 1959 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में जन्मीं जरीना ने अपने अभिनय से यह साबित किया कि प्रतिभा के आगे रंग-रूप कोई मायने नहीं रखता। फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया पुणे से अभिनय की पढ़ाई करने वाली जरीना हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु और उर्दू भाषाओं पर समान पकड़ रखती हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।

जरीना वहाब के लिए बॉलीवुड का सफर आसान नहीं था। शुरुआती दिनों में जब वह फिल्मों में काम पाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, तब उन्हें उनके सांवले रंग की वजह से कई बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। कहा जाता है कि शोमैन राज कपूर ने भी उन्हें देखकर कहा था कि वह कभी सफल एक्ट्रेस नहीं बन पाएंगी। हालांकि जरीना ने इस बात को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बना लिया और खुद को साबित करने की ठान ली।

बासु चटर्जी की फिल्म ने बदल दी किस्मत
FTII से प्रशिक्षण लेने के बाद जरीना वहाब ने फिल्मी दुनिया में अपनी जगह बनाने के लिए लगातार कोशिश की। उन्होंने 1974 में फिल्म ‘इश्क इश्क इश्क’ से अभिनय की शुरुआत की, लेकिन यह फिल्म सफल नहीं रही। इसके बाद ‘अनोखा’ और एक तेलुगु फिल्म में भी काम किया, मगर पहचान नहीं मिल सकी। उनकी किस्मत तब बदली जब एक फिल्मी पार्टी में निर्देशक बासु चटर्जी की नजर उन पर पड़ी।

जरीना वहाब का करियर
बासु चटर्जी ने जरीना को 1976 में रिलीज हुई ‘चितचोर’ में कास्ट किया। अमोल पालेकर के साथ उनकी सादगी भरी अदाकारी दर्शकों को खूब पसंद आई और फिल्म सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद दोनों की जोड़ी फिल्म घरौंदा में भी नजर आई, जिसके लिए जरीना को फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमिनेशन भी मिला। जरीना वहाब ने अपने करियर में सावन को आने दो, तुम्हारे लिए, नैया, सितारा, हम नौजवान, दहलीज, माई नेम इज खान, अग्निपथ और हिम्मतवाला जैसी कई फिल्मों में दमदार अभिनय किया।

आदित्य पंचोली से की शादी
साल 1986 में फिल्म ‘कलंक का टीका’ के सेट पर उनकी मुलाकात अभिनेता आदित्य पंचोली से हुई। दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदली और उसी साल शादी कर ली। आदित्य पंचोली उम्र में जरीना से छह साल छोटे हैं। शादी के समय दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं, लेकिन इस जोड़ी ने हर मुश्किल का सामना साथ मिलकर किया। आज भी दोनों साथ हैं और उनके दो बच्चे सूरज पंचोली और सना पंचोली हैं।

 

Next Post

पीसीआई ने परखी सतना-पन्ना ओएचई लाइन की चार्जिंग

Fri Jul 17 , 2026
सतना: वर्षों से इंतजार कर रही सतना-पन्ना नई रेल लाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। परियोजना में तकनीकी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं और अब इस रेलखंड पर ट्रेनों की दस्तक का इंतजार पहले से काफी कम होता दिखाई दे रहा […]

You May Like