सतना: वर्षों से इंतजार कर रही सतना-पन्ना नई रेल लाइन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। परियोजना में तकनीकी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं और अब इस रेलखंड पर ट्रेनों की दस्तक का इंतजार पहले से काफी कम होता दिखाई दे रहा है।सतना से नागौद तक ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन लाइन में सफलतापूर्वक करंट प्रवाहित होने के बाद पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य अभियंता मुकेश कुमार ने गुरुवार को पूरे प्रोजेक्ट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य अभियंता ने सतना से नागौद और आगे देवेंद्रनगर तक ट्रैक, ओएचई, स्टेशन निर्माण, विद्युत व्यवस्था और अन्य तकनीकी कार्यों का जायजा लिया।
अधिकारियों से प्रत्येक सेक्शन की प्रगति रिपोर्ट ली गई और जहां कार्य शेष हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। रेल सूत्रों के अनुसार सतना से नागौद तक ओएचई लाइन चार्ज होने के बाद अब इस सेक्शन में विद्युत इंजन के संचालन की तकनीकी बाधा लगभग समाप्त हो गई है। निरीक्षण के दौरान नागौद से देवेंद्रनगर तक विद्युतीकरण कार्य की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दावे है कि शेष तकनीकी कार्य पूरे होते ही आगे के हिस्से में भी ओएचई लाइन चार्ज कर दी जाएगी। इसके बाद रेलवे इस रेलखंड पर इंजन और ट्रेनों का ट्रायल रन शुरू करेगा। ट्रायल के दौरान ट्रैक, सिग्नल, ओएचई, गति क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच होगी।
सीआरएस का होगा निरीक्षण
सभी परीक्षण सफल रहने पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा अंतिम निरीक्षण किया जाएगा। सीआरएस की मंजूरी मिलने के बाद इस बहुप्रतीक्षित रेलखंड पर नियमित ट्रेन संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। दावे हैं कि परियोजना के अंतिम चरण के कार्य निर्धारित समय में पूरे होने पर आने वाले समय में ट्रायल रन की तारीख भी तय की जा सकती है। ऐसे में लंबे समय से इस रेल लाइन का इंतजार कर रहे सतना, नागौद, देवेंद्रनगर और पन्ना क्षेत्र के लोगों को जल्द ही ट्रेन की सीटी सुनाई देने की उम्मीद है।
