जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत दुर्गा मंदिर चुंगी चौकी के सामने बदमाशों ने जमकर उपद्रव मचाया। टेंट हाऊस में आग लगाने के साथ वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि दुर्गा मंदिर चुंगीचौकी के सामने जय थदानी का टेंट हाऊस है, वह वहां बैठा था। वहां मौजूद बरऊ मोहल्ला निवासी यश ठाकुर ने जय को घूरा।
जय ने कारण पूछा, तो यश और उसके साथियों ने जय से मारपीट की। उस पर ईंट से वार कर दिया। घटना में जय को चोटें आई। वह रिपोर्ट लिखाने घमापुर थाने पहुंचा। तभी बदमाशों ने टेंट हाऊस में आग लगा दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने वहां खड़ी मोपेड, कार और लोडिंग ऑटो में तोडफोड़ कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
