नयी दिल्ली 14 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय कॉर्पोरेट विधि सेवा (आईसीएलएस) के वर्ष 2024 और 2025 बैच के अधिकारी प्रशिक्षुओं से यहां मुलाकात की और उन्हें अपनी सेवाओं के माध्यम से लोगों के लिए व्यावसायिक कामकाज और जीवन में सुगमता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
वित्त मंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि श्रीमती सीतारमण ने इन प्रशिक्षुओं से ईमानदारी और पेशेवर उत्कृष्टता के सर्वोच्च मानकों का पालन करने, पारदर्शी एवं उत्तरदायी शासन को बढ़ावा देने तथा अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाकर ‘व्यवसाय करने में सुगमता’ और ‘जीवनयापन में सुगमता’ को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
वित्त मंत्री ने उन्हें वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में सार्थक योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।
इंजीनियरिंग, विधि, विज्ञान, डेटा साइंस, बायोमेडिकल साइंस और चिकित्सा जैसे विविध शैक्षणिक एवं पेशेवर क्षेत्रों से आने वाले ये अधिकारी प्रशिक्षु वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भारत सरकार के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के साथ संबद्ध होकर अभी नौकरी के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
