कुट्राल (अर्जेंटीना) 25 जून (वार्ता) फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी के 39वें जन्मदिन पर उनकी 85 फुट ऊंची नई प्रतिमा को स्थापित किया गया। यह दुनिया में मेसी की अब तक की सबसे बड़ी प्रतिमा है। इस प्रतिमा को नेउकेन प्रांत के कुट्राल को में मुख्य मार्ग के पास स्थापित किया गया है, ताकि सड़क से गुजरने वाले लोग इसे आसानी से देख सकें।
इस मूर्ति को स्थानीय मूर्तिकार एल्डो बेरोइसा ने बनाया गया है। इस प्रतिमा में मेसी को अर्जेंटीना की जर्सी पहने हुए और फीफा विश्व कप 2022 की ट्रॉफी को थामे हुए घुटनों के बल बैठे हुए दिखाया गया है।
इस मूर्ति को बनाने में 18 महीने का समय लगा है और इसे तैयार करने में 70 हजार किलो स्टील तथा लोहे का इस्तेमाल किया गया है।

