पेट दर्द और उल्टी से पीडि़त 9 लोग जिला अस्पताल में भर्ती

० दो परिवारों के लोग हुये प्रभावित, सरसो का तेल उपयोग करने से बिगड़ी तबियत

नवभारत न्यूज

सीधी 27 फरवरी। पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने पर दो परिवार के 9 लोगों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीडि़त लोगों का कहना था कि सरसो के तेल से बनी पूड़ी और सब्जी का सेवन करने के बाद अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में एक साथ 9 लोगों के फूड प्वाइजनिंग के चलते भर्ती कराने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम एलर्ट हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के समीपी डांड़ी और हड़बड़ो गांव के दो परिवारों द्वारा बुधवार की रात सरसो के तेज से बनी पूड़ी और सब्जी का सेवन किया गया था। कुछ समय बाद ही दोनो परिवारों के सदस्यों की तबियत बिगडऩा शुरू हो गई। किसी के पेट में तेज दर्द तो किसी को उल्टी और चक्कर आने लगे। परिवार के सदस्यों की यह स्थिति देखकर आसपास के लोगों ने सभी को देर रात जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था बनाई गई।

बताया गया है कि जिला अस्प्ताल में भर्ती दोनो परिवारों ने स्थानीय गुप्ता किराना स्टोर से सरसो का तेल खरीदा था। तेल का उपयोग किये जाने के बाद ही उनकी तबियत खराब होने लगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर यह जांच करने में जुटी हुई थी कि सरसो का तेल मिलावटी था या नही। सरसो के तेल का सेम्पल लेकर लैब टेस्ट के लिये भेज दिया गया है।

००

ये जिला अस्पताल में कराये गये भर्ती

फूड प्वाइजनिंग के शिकार लोगों में यादव और सोनी परिवार के सदस्य शामिल हैं। जिला अस्पताल में यादव परिवार के राजराखन यादव, रावेन्द्र यादव, सुमन यादव, इन्द्ररनुआ यादव, शकुंतला यादव तथा सोनी परिवार के मोनू सोनी, श्यामकली सोनी, विद्या सोनी और निधी सोनी को भर्ती कराया गया है। अस्पताल में सभी मरीजों को त्वरित उपचार सुविधा मिल जाने के बाद से उनकी हालत में सुधार बताया गया है।

००

खानपान को लेकर बरतें सतर्कता

वर्तमान में मौसम का मिजाज जिस तरह से बदल रहा है ऐसे में खानपान को लेकर सतर्कता और सावधानी काफी आवश्यक है। कई बार लोग मिलावटी एवं प्रदूषित खाद्य सामग्री का उपयोग खानपान में कर लेते हैं जिसके चलते उन्हें पेट संबंधी तकलीफों से गुजरना पड़ता है। चर्चा के दौरान जिला अस्पताल के कुछ चिकित्सकों का कहना था कि वर्तमान मौसम को देखते हुये ताजा एवं अच्छे खाद्य सामग्री का उपयोग करना चाहिये।

००

इनका कहना है

ग्राम डांडी और हड़बड़ो के कुछ लोगों को बुधवार की रात फूड प्वाइजनिंग के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

डॉ.दीपारानी इसरानी, सिविल सर्जन जिला अस्पताल सीधी

००००

Next Post

इंडोनेशिया के तेल रिफाइनरी में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Thu Feb 27 , 2025
जर्काता 27 फरवरी (वार्ता) इंडोनेशिया के मध्य जावा प्रांत के सिलाकैप रीजेंसी में स्थित तेल रिफाइनरी के एक तेल टैंक में गुरुवार को आग लग गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। एक वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी ने यह जानकारी दी। वीडियो फुटेज […]

You May Like