नीरू शर्मा की डेब्यू फिल्म ‘बांद्रा बॉय’ को न्यूयॉर्क के दो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में मिली पहचान

मुंबई, 04 जुलाई (वार्ता) मनोरंजन पत्रकारिता से फिल्म निर्माण की दुनिया में कदम रखने वाली नीरू शर्मा की डेब्यू फिल्म ‘बांद्रा बॉय’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। 21 मिनट की इस हिंदी थ्रिलर फिल्म को फ्रेम्स ऑफ न्यूयॉर्क फिल्म फेस्टिवल में सेमीफाइनलिस्ट चुना गया है, वहीं न्यूयॉर्क इंटरनेशनल वुमेन फेस्टिवल में इसे अवॉर्ड विनर के रूप में सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि नीरू शर्मा के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि बांद्रा बॉय उनके निर्देशन की पहली फिल्म है। फिल्म मीडिया, जनधारणा और सच के बीच के जटिल संबंधों को केंद्र में रखती है। कहानी इस बात की पड़ताल करती है कि किस तरह मीडिया की सुर्खियां, सामाजिक पूर्वाग्रह और सार्वजनिक राय कई बार सच्चाई सामने आने से पहले ही किसी व्यक्ति की छवि तय कर देते हैं।

दो दशकों से अधिक समय तक बॉलीवुड और मनोरंजन जगत को कवर करने के बाद नीरू शर्मा ने फिल्म निर्माण की ओर रुख किया। उनका मानना है कि पत्रकारिता के दौरान देखे और समझे गए अनेक अनुभवों ने बांद्रा बॉय की कहानी को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए नीरू शर्मा ने कहा, “एक निर्देशक के रूप में मेरी पहली फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना बेहद उत्साहजनक है। बांद्रा बॉय उन अनुभवों और सवालों से जन्मी कहानी है, जिन्हें मैंने वर्षों तक मीडिया और मनोरंजन जगत को करीब से देखते हुए महसूस किया। यह सम्मान मुझे आगे भी सार्थक और विचारोत्तेजक कहानियां कहने के लिए प्रेरित करता है।”

फिल्म निर्माण में कदम रखने से पहले नीरू शर्मा ने फिल्मकार सुभाष घई द्वारा स्थापित व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल से निर्देशन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। पत्रकारिता से सिनेमा तक का उनका सफर उद्योग जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म में अहवान कुमार मुख्य भूमिका में हैं, जबकि गुजराती और मराठी सिनेमा के चर्चित अभिनेता धर्मेंद्र गोहिल एक महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा लोचन बारसगड़े, यश पेडणेकर, शाम थोंबरे, पवन तिवारी, ऐश्वर्या मनोहर, हिमांशी मंडालिया और नंदिनी शर्मा भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

राजीव पराशर द्वारा निर्मित बांद्रा बॉय का संपादन संदीप कुरुप ने किया है, जो मुबारकां, सड़क 2 और क्रैक जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी आयुष शाह ने की है, जबकि बैकग्राउंड स्कोर कौशल महावीर ने तैयार किया है। न्यूयॉर्क के दो प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में मिली यह सफलता बांद्रा बॉय के अंतरराष्ट्रीय सफर की मजबूत शुरुआत मानी जा रही है। साथ ही यह नीरू शर्मा के उस नए अध्याय का भी संकेत है, जिसमें उन्होंने खबरों को कवर करने से आगे बढ़कर अपनी कहानियां खुद गढ़नी शुरू की हैं।

.....

Next Post

चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार और एकजुट है कांग्रेस: पटवारी

Sat Jul 4 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगामी चुनावों में जीत हासिल करने के लिए पूरी मजबूती के साथ तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता का बढ़ता समर्थन और संगठन की मजबूती प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन का […]

You May Like