मुंबई, 04 जुलाई (वार्ता) सलमान खान फिल्म्स ने फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) सर्टिफिकेशन को लेकर चल रही अटकलों का खंडन करते हुए कहा है कि इस संबंध में प्रसारित की जा रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं।प्रोडक्शन हाउस ने जारी बयान में स्पष्ट किया कि फिल्म को अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के पास सर्टिफिकेशन के लिए भेजा ही नहीं गया है। ऐसे में सर्टिफिकेशन में किसी तरह की आपत्ति या विवाद की खबरों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।
सलमान खान फिल्म्स ने मीडिया और आम लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। बैनर ने कहा कि फिल्म से संबंधित सभी आधिकारिक जानकारियां केवल सलमान खान फिल्म्स के अधिकृत संचार माध्यमों के जरिए ही जारी की जाएंगी। बैनर ने कहा कि वह समय आने पर फिल्म से जुड़े सभी महत्वपूर्ण अपडेट आधिकारिक रूप से साझा करेगा।

