बारिश की कामना लेकर पटपरा हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

श्योपुर: विजयपुर के ग्राम बैंनीपुरा के सकल पंचों के आह्वान पर गांव से कुछ दूरी पर बारधा डैम के नीचे स्थित प्राचीन पटपरा हनुमान मंदिर में सर्वजातीय धार्मिक आयोजन एवं सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया। क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर श्रद्धालुओं ने राम नाम का जाप, रामधुन, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना की। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से भोजन तैयार कर भगवान हनुमान को भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। ग्रामीणों के अनुसार, पटपरा हनुमान मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं चमत्कारी स्थल है। मान्यता है कि यहां विराजमान हनुमान जी की प्रतिमा भूमि के भीतर से स्वयं प्रकट हुई थी, इसलिए इसकी विशेष धार्मिक महत्ता है।पूर्वजों से चली आ रही परंपरा के अनुसार जब भी क्षेत्र में वर्षा नहीं होती, तब सकल पंचों की बैठक आयोजित की जाती है।

इसके बाद गांव के चौकीदार द्वारा प्रत्येक घर में सूचना दी जाती है और सकल पंचों के सहयोग से चंदा एकत्र कर मंदिर में सामूहिक पूजा, भंडारा एवं प्रसादी वितरण किया जाता है। ग्रामीणों का विश्वास है कि इस आयोजन के बाद भगवान की कृपा से अच्छी वर्षा होती है। इस अवसर पर मंदिर के महंत पलिया महाराज, सिद्ध बाबा के भगत परीक्षत प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के जयघोष तथा रामधुन से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

Next Post

युवाओं के सामने उद्धव ने सिर झुकाया, जंतर-मंतर पर CJP के मंच से भरी हुंकार, बोले- महाराष्ट्र आपके साथ है

Wed Jul 22 , 2026
जंतर-मंतर पर CJP आंदोलन में उद्धव ठाकरे शामिल हुए। अभिजीत दीपके के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए उन्होंने सरकार पर बड़ा हमला बोला और सरकार बदलने की मांग की। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। देश भर से नेता और अभिनेता इस आंदोलन […]

You May Like