सांडिया में एक ही रात में कई किसानों के मोटर पंपों के केबल चोरी, किसानों में भारी आक्रोश

मुलताई: मुलताई क्षेत्र में खेतों से मोटर पंप के बिजली केबल चोरी होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला ग्राम सांडिया का है, जहां शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में कई किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेल और कुओं से मोटर पंप के केबल काटकर चोरी कर लिए। लगातार हो रही इन वारदातों से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित किसानों ने पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सांडिया निवासी किसान दिनेश गढ़ेकर, मुकेश वागद्रे, संजय चौरे सहित अन्य किसानों के खेतों में लगे मोटर पंपों के बिजली केबल रात में काटकर चोरी कर लिए गए। आज सुबह किसान खेत पहुंचे तो घटना का पता चला। इसके बाद सभी किसानों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। किसान गोविंदराव, अनिल धोटे, संजय अड़लक सहित अन्य ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में तीन से चार बार इसी तरह की चोरी हो चुकी है। हर बार पुलिस को शिकायत दी गई लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे एक ही रात में कई किसानों के खेतों को निशाना बना रहे हैं।

किसानों का आरोप है कि चोरी किए गए केबल से तांबे के तार निकालकर उन्हें स्थानीय कबाड़ी कारोबारियों को बेच दिया जाता है। उनका कहना है कि यदि पुलिस क्षेत्र में कबाड़ खरीदने वालों से सख्ती से पूछताछ करे और संदिग्ध खरीद-फरोख्त की जांच करे तो चोरी के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस केवल शिकायत लेकर औपचारिकता पूरी करती है, जबकि चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियों से प्रभावी पूछताछ नहीं की जाती। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय कबाड़ी चोरी का माल खरीद रहे हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।किसानों ने पुलिस प्रशासन से नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, कबाड़ी कारोबारियों की जांच करने और केबल चोरी करने वाले गिरोह का शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग की है।

Next Post

'द एंड ऑफ ओक स्ट्रीटद एंड ऑफ ओक स्ट्रीट' के नए कैरेक्टर पोस्टर्स जारी

Sat Jul 4 , 2026
मुंबई, 04 जुलाई (वार्ता) फिल्म ‘द एंड ऑफ ओक स्ट्रीट’ के भारत में 14 अगस्त को होने वाली रिलीज़ से पहले इसके पांच नए कैरेक्टर पोस्टर्स जारी किए गए हैं।वार्नर ब्रदर्स इंडिया ने जारी पोस्टर्स में ऐन हैथवे को डेनिस प्लैट, ईवान मैकग्रेगर को ग्रेग प्लैट, मैज़ी स्टेला को ऑड्री […]

You May Like