
सिंगरौली । अवैध रूप से डीजल परिवहन के खिलाफ बैढ़न कोतवाली पुलिस ने आज रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 हजार लीटर डीजल से भरा टैंकर जप्त किया है। नौगढ़ कन्वेयर चौराहे के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने डीजल और टैंकर समेत करीब 54 लाख 99 हजार 600 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि टैंकर क्रमांक सीजी10बीएस 7184 में अवैध रूप से डीजल भरकर बरगवां की ओर से लाया जा रहा है और उसे अमलोरी स्थित रिलायंस कोल माइंस की तरफ ले जाया जाना है। सूचना पर बैढ़न पुलिस टीम ने गवाहों के साथ नौगढ़ कन्वेयर चौराहे के पास घेराबंदी कर टैंकर को रोका। जांच में उसके चारों चैंबरों में करीब 20 हजार लीटर डीजल मिला। पूछतांछ में चालक ने अपना नाम कमल यादव उम्र 43 वर्ष निवासी मेढ़ोली मोरवा बताया। पुलिस के मुताबिक चालक ने राधे फीलिंग स्टेशन, गोंदवाली से डीजल भरने तथा टैंकर मालिक गोविन्द अग्रहरी के कहने पर उसे ले जाने की जानकारी दी। मामले में धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, सउनि अनुज प्रताप सिंह और प्रआर अनूप मिश्रा का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अब डीजल के स्रोत, दस्तावेज और प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
