नयी दिल्ली, 04 जुलाई (वार्ता) महिला कबड्डी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, एशियन कबड्डी लीग (एकेएल) ने शनिवार को ‘वीमेंस चैप्टर 1’ शुभारंभ किया। यह देश की पहली खास अंतरराष्ट्रीय पेशेवर महिला कबड्डी लीग है। 1 से 16 अगस्त तक होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए सोनी को ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर बनाया गया है। प्राइम टाइम में दिखाए जाने वाली इस लीग का मकसद महिला खिलाड़ियों को एक प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म, इंटरनेशनल एक्सपोज़र और ज़्यादा कमर्शियल पहचान दिलाना है। ऐसे समय में जब ज़्यादातर प्रोफेशनल कबड्डी टूर्नामेंट पुरुषों के खेल पर ही केंद्रित रहते हैं, यह लीग महिलाओं के लिए एक अहम मौका है।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में लॉन्च किए गए इस टूर्नामेंट का आयोजन एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ़ इंडिया (एकेएफआई), साउथ ईस्ट एशियन कबड्डी फेडरेशन (एसईएकेएफ) और झारखंड, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश के राज्य कबड्डी संघों के सहयोग से किया जा रहा है। इस अवसर पर एकेएल के अध्यक्ष (ग्रोथ एंड मीडिया) विक्रम विजय चंदन ने कहा, “सोनी के हमारे ब्रॉडकास्टर होने और प्राइम टाइम में मैच दिखाए जाने से, हम महिला कबड्डी को वह मंच, पहचान और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिसकी वह हकदार है।”
उन्होंने कहा कि इस लीग को महिला खेल को अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल स्तर तक ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। लीग के चेयरमैन डॉ. प्रवीण शेट्टी ने कहा कि यह टूर्नामेंट एकेएल की उस प्रतिबद्धता को दिखाता है जिसके तहत हर क्षेत्र की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को प्रोफेशनल मंच पर मुकाबला करने के समान अवसर मिलें। समारोह के दौरान भाग लेने वाले फेडरेशनों और राज्य संघों के प्रतिनिधियों को खेल के विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

