राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की योजना में बदलाव नहीं: उमर

श्रीनगर, 15 जून (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की नेशनल कॉन्फ्रेंस की योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

श्री अब्दुल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर दिल्ली में अपनी आवाज़ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह जम्मू-कश्मीर के लोगों से शीर्ष न्यायालय तथा संसद सहित कई मंचों पर किया गया वादा है।

गत 11 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक के बाद प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में किसी बदलाव के बारे में पूछे जाने पर श्री अब्दुल्ला ने कहा, “सबसे पहले तो उस योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हमारा अभी भी पूरा इरादा है कि मॉनसून सत्र की शुरुआत में, जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए—और शीर्ष न्यायालय , संसद और कई अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में जम्मू-कश्मीर के लोगों से किए गए वादे की याद दिलाने के लिए—हम दिल्ली जाएंगे तथा जंतर-मंतर पर अपनी मांग रखेंगे।”

बैठक के दौरान श्री अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री को 12 साल पूरे करने के लिए बधाई दी और जम्मू-कश्मीर को “जल्द से जल्द राज्य का दर्जा बहाल करने” की मांग दोहराई।

सत्तारुढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने गत 04 जून को घोषणा की कि पार्टी के मंत्री, विधायक और सांसद जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा और विशेष दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

बैठक के बारे में श्री अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें राज्य का दर्जा बहाल करना, जम्मू कश्मीर की वित्तीय स्थिति और विकास से जुड़े मामले शामिल थे।

उन्होंने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री से कई मुद्दों पर बात की। मैंने राज्य का दर्जा, जम्मू-कश्मीर की वित्तीय स्थिति और विकास की गति को कैसे बढ़ाया जा सकता है, इस पर बात की। मुझे उम्मीद है कि उस बातचीत से जम्मू-कश्मीर के लोगों को फायदा होगा।”

 

 

 

Next Post

वीडियो बना कर ट्रेन के सामने लगाई छलांग

Mon Jun 15 , 2026
उज्जैन। रेलवे कर्मी ने रविवार दोपहर मोबाइल से वीडियो बनाने के बाद वायरल किया और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन ड्रायवर से सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने पुलिस को अवगत कराया। पटरियों से मृतक के टुकड़े एकत्रित करने के बाद पुलिस अस्पताल लेकर आई। वायरल वीडियो […]

You May Like