नाटो महासचिव ने अंकारा समिट को बताया बहुत सफल; रक्षा खर्च एवं यूक्रेन को समर्थन पर दिया ज़ोर

अंकारा, 09 जुलाई (वार्ता) नाटो के महासचिव मार्क रुटे ने अंकारा में हुए नाटो शिखर सम्मेलन को सफल करार देते हुए कहा कि सदस्य देश रक्षा, औद्योगिक क्षमता एवं सामूहिक सुरक्षा का केवल वादा करने से आगे बढ़कर ठोस परिणाम देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

श्री रुटे ने शिखर सम्मेलन के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस बैठक से पता चलता है कि नाटो गठबंधन को मज़बूत करने के लिए लिये गये फ़ैसलों पर अमल करता है। उन्होंने इस कार्यक्रम की मेज़बानी करने के लिए तुर्की की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यूरोपीय सहयोगी देश और कनाडा मिलकर सुरक्षा की अधिक ज़िम्मेदारी उठा रहे हैं और सदस्य देश 2035 तक अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का पांच प्रतिशत हिस्सा रक्षा पर खर्च करने के लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहे हैं। श्री रुटे के अनुसार, 10 साल की इस कोशिश के पहले ही साल में सहयोगी देश लगभग चार प्रतिशत के स्तर तक पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा, “सिर्फ़ ज़्यादा खर्च करना ही पर्याप्त नहीं है। यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारी सेनाओं के पास वे चीज़ें हों जिनकी उन्हें आवश्यकता है ताकि वे इस ज़्यादा खतरनाक दुनिया में हमारे एक अरब लोगों को सुरक्षित रख सकें।”

श्री रुटे ने कहा कि अब नाटो का ध्यान रक्षा लक्ष्यों को पूरा करने पर है जिसके लिए तेज़ी से उत्पादन, नौकरशाही की बाधाओं में कमी, मज़बूत क्षमता, नवाचार में ज़्यादा निवेश एवं सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल की आवश्यकता है। शिखर सम्मेलन में घोषित औद्योगिक प्रतिबद्धताओं पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारें एवं रक्षा कंपनियां 50 अरब डॉलर से ज़्यादा के नए खरीद समझौतों पर सहमत हुई हैं। उन्होंने नाटो की नई ड्रोन पहल की भी घोषणा की जिसके तहत सहयोगी देश अगले पांच वर्षों में 40 अरब डॉलर का निवेश करेंगे।

नाटो प्रमुख ने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय रक्षा कंपनियों के बीच बड़े समझौतों से सामूहिक रक्षा मज़बूत होगी और साथ ही पूरे गठबंधन में नवाचार, आर्थिक विकास एवं कुशल रोज़गार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नाटो की ईंधन आपूर्ति श्रृंखला को मज़बूत करने के लिए एक बड़े कदम का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सहयोगी देश ईंधन भंडारण एवं वितरण अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए 30.8 अरब डॉलर के निवेश को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसमें नाटो के पूर्वी हिस्सों में नई सुविधाएं एवं पाइपलाइनें बनाना भी शामिल है।

श्री रुटे ने कहा कि नाटो अपनी रक्षा क्षमताओं को बनाए रखने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकियों के उपयोग में भी तेजी ला रहा है, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता और एक अंतरसंचालनीय ट्रांस अटलांटिक युद्ध मंच शामिल है। उन्होंने कहा कि रूस के साथ जारी युद्ध के बीच नाटो सहयोगियों ने यूक्रेन के लिए अपना अटूट समर्थन फिर से दोहराया है। उन्होंने 2026 में यूक्रेन को कम से कम 79.8 अरब डॉलर की कीमत के सैन्य उपकरण, सहायता एवं प्रशिक्षण देने का वादा किया और 2027 में भी इसी तरह का समर्थन जारी रखने का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन से पता चला कि नाटो पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत और एकजुट है और गठबंधन वाले इलाके के हर इंच की रक्षा करने के लिए तैयार है। सम्मेलन में शामिल नेताओं ने वॉशिंगटन संधि के अनुच्छेद पांच के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जिसके तहत किसी एक नाटो सदस्य पर हमले को सभी सदस्यों पर हमला माना जाता है।

अंकारा शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र में, नाटो नेताओं ने सामूहिक रक्षा एवं ट्रांसअटलांटिक गठबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि एकता, एकजुटता एवं सामूहिक शक्ति ही गठबंधन के एक अरब नागरिकों के लिए शांति एवं सुरक्षा का आधार है। घोषणा में कहा गया कि यूरोपीय सहयोगियों और कनाडा ने 2025 में रक्षा की मुख्य आवश्यकताओं के लिए निवेश में 139 अरब डॉलर से ज़्यादा की बढ़ोतरी की है। इसके तहत नए खरीद समझौते किए गए हैं, जिनका उद्देश्य नाटो के औद्योगिक आधार और मज़बूती को बढ़ाना है।

गठबंधन ने कहा कि वह उन्नत क्षमताओं में निवेश करके “एक अधिक मज़बूत नाटो में एक अधिक मज़बूत यूरोप” की दिशा में काम कर रहा है जिनमें मिसाइल रक्षा, लंबी दूरी की सटीक प्रहार प्रणालियां, मानव-रहित प्रौद्योगिकियां, खुफिया क्षमताएं, साइबर संसाधन एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता शामिल हैं। नाटो नेताओं ने यूक्रेन की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता के लिए अपना समर्थन फिर से दोहराया और कहा कि अब यूक्रेन को ज़्यादातर सुरक्षा सहायता के लिए धन यूरोपीय सहयोगी देश और कनाडा ही देते हैं।

इस घोषणापत्र में सुरक्षा से जुड़ी व्यापक चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। सहयोगियों ने कहा कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार प्राप्त नहीं करने चाहिए और होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नौवहन की आज़ादी का सम्मान करने की मांग की। इस शिखर सम्मेलन का समापन नाटो नेताओं द्वारा बैठक की मेज़बानी करने के लिए तुर्की की सराहना करने एवं उभरती सुरक्षा चुनौतियों के अनुसार गठबंधन को ढालने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ हुआ।

 

Next Post

यूक्रेन ने एनगोर्दर शहर में एक बहुमंजिला इमारत पर हमला किया

Thu Jul 9 , 2026
मास्को, 09 जुलाई (वार्ता) यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने बुधवार रात ज़ापोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास एनर्गोदर शहर में एक बहुमंजिला इमारत और एक चिकित्सा इकाई पर हमला किया है। शहर के मेयर मैक्सिम पुखोव ने गुरुवार को यह जानकारी दी। श्री पुखोव ने सोशल मीडिया मंच ‘मैक्स’ पर […]

You May Like