प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता ही समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की कुंजी: डॉ.राजेश

सीधी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत टिकरी में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने सहभागिता करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत श्रमदान किया तथा अमृत सरोवर तालाब में विधिवत पूजा-अर्चना कर जल संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को सशक्त किया।

इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत टिकरी स्थित गौशाला में गौमाता की पूजा-अर्चना की तथा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सांसद डॉ.मिश्रा ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। सांसद ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की चेतना नई पीढ़ी के माध्यम से ही समाज में व्यापक रूप से स्थापित की जा सकती है। इस अवसर पर सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और प्रकृति के प्रति संवेदनशील विकास की अवधारणा को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान आज पूरे देश में प्रकृति संरक्षण का प्रेरणास्रोत बन चुका है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान, जल संरचनाओं के पुनर्जीवन और व्यापक वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिली है। सांसद ने कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। यदि आज जल स्रोतों का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाली पीढिय़ों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से तालाबों, कुओं और अन्य जल संरचनाओं के संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से जल सुरक्षित मध्यप्रदेश, हरित मध्यप्रदेश तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

००

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कृष्णलाल पयासी, प्रदीप शुक्ला, सरपंच तिलकराज सिंह, के.के.मिश्र, एसडीएम मझौली आर.पी.त्रिपाठी, जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, गौसेवा एवं जनभागीदारी के संदेश से परिपूर्ण यह आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस पर क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहा।

०००००००००००

Next Post

बाइकों की टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोग घायल

Fri Jun 5 , 2026
शाजापुर। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर शाजापुर के नेशनल हाईवे 52 पर एक हंसते खेलते परिवार के सफर को हादसे में तब्दील कर दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है. एक परिवार बाइक पर सवार होकर मक्सी से गुना की तरफ […]

You May Like