
मंडल के लिए एक बड़ी एवं ऐतिहासिक उपलब्धि
नवभारत न्यूज
रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के नागदा-गोधरा, नागदा-भोपाल, रतलाम-चित्तौडग़ढ़, इंदौर-भोपाल सहित मंडल के अन्य खंडों में प्रतिदिन औसतन 200 से अधिक यात्री गाडिय़ों का परिचालन किया जाता है। इतनी बड़ी संख्या में यात्री गाडिय़ों के परिचालन के मध्य गुड्स ट्रेनों की गति 33 किमी प्रतिघंटा से अधिक प्राप्त करना मंडल के लिए बड़ी उपलब्धि है और यह हुआ है ट्रेन परिचालन से जुड़े विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय के कारण। इसके साथ ही लोको एवं मानवशक्ति का अधिकतम उपयोग, 49 क्रैक ट्रेनों का परिचालन जो एक दिन में कुल गुड्स ट्रेनों के इंटरचेंज का लगभग 38 प्रतिशत है तथा क्रैक ट्रेनों के पाथ का लगातार मॉनिटरिंग इस उपलब्धि को प्राप्त करने में काफी उपयोगी साबित हुआ है। गुड्स ट्रेनों की उचित मॉनिटरिंग के कारण गति बढऩे से जहां अधिक संख्या में गुड्स ट्रेनों का परिचालन किया जा सकता है वहीं पैसेंजर ट्रेनों के लिए सुगम पाथ उपलब्ध होता है। इसके साथ ही इस प्रकार की उपलब्धियॉं बताती है कि कार्यप्रणाली एवं कार्यक्षमता में तीव्र गति से सुधार हो रहा है। रतलाम मंडल जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना के अनुसार नई उपलब्धियॉं नये आयाम की ओर बढऩे के लिए प्रेरित करता है। इसका ताजा उदाहरण 3 जनवरी के गुड्स ट्रेनों की औसत गति 32.69 किमी प्रतिघंटा को पीछे छोड़ते हुए 4 फरवरी को प्रतिदिन की औसत गति 33.19 किमी प्रतिघंटा प्राप्त करना।
